जयपुर। टोंक रोड स्थित स्विस लग्जरी वॉच ब्रांड राडो के शोरूम में गुरुवार तड़के बड़ी चोरी की वारदात सामने आई। सुबह करीब 4:30 बजे 5 से 7 बदमाश शोरूम के बाहर पहुंचे और कुछ देर सीढ़ियों पर बैठकर मौका देखा। इसके बाद लोहे की रॉड से शटर तोड़कर बदमाश अंदर दाखिल हुए।
सीसीटीवी फुटेज में दो बदमाश शोरूम के अंदर घड़ियां समेटते नजर आ रहे हैं, जबकि उनके साथी बाहर बैठकर निगरानी करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस के मुताबिक करीब 4:36 बजे बदमाश शोरूम में घुसे और लगभग 5:12 बजे पांच बैग लेकर बाहर निकल गए। महज 36 मिनट के भीतर उन्होंने 251 महंगी घड़ियां चोरी कर लीं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
बदमाशों को शोरूम में सीसीटीवी और रिकॉर्डिंग सिस्टम लगे होने की जानकारी थी। उन्होंने DVR तलाशने के दौरान म्यूजिक सिस्टम को ही रिकॉर्डिंग डिवाइस समझकर बाहर निकाल लिया। बाद में गेट के पास पहुंचने पर गलती का पता चला तो म्यूजिक सिस्टम वहीं छोड़कर फरार हो गए।
बजाज नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
Leave a comment