झुंझुनूं। लोहार्गल स्थित बरखंडी धाम के संत सूरजादास महाराज की हत्या और लूट के मामले में गोठड़ा थाना पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने वारदात के महज पांच दिन में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 44 वर्षीय सुरेश कुमार निवासी झाझम की ढाणी, पहाड़ीला के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक संत सूरजादास महाराज 26 सितंबर की शाम से लापता थे। अगले दिन मंदिर पहुंचे यात्रियों ने उनके वहां नहीं होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने तलाश शुरू की। सर्च ऑपरेशन के दौरान बरखंडी की पहाड़ियों में एक गहरी खाई में संत का शव संदिग्ध हालत में मिला।
गहरी खाई से रेस्क्यू कर निकाला शव
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर एफएसएल, डॉग स्क्वॉड, साइबर टीम और एमओबी की मदद से जांच शुरू की। पहाड़ी की गहरी खाई में शव होने के कारण उसे बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था। इसके लिए एसडीआरएफ जयपुर और जिला रेस्क्यू टीम की मदद ली गई।
शव को बाहर निकालने के बाद मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद हत्या के पीछे की वजह और आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गईं।
तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के साथ तकनीकी जांच को आगे बढ़ाया। संदिग्धों की गतिविधियों और अन्य तकनीकी इनपुट के आधार पर जांच करते हुए पुलिस सुरेश कुमार तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।
अब आरोपी से संत की हत्या के पीछे की वजह, लूटे गए सामान और पूरी वारदात के घटनाक्रम को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में अनुसंधान अभी जारी है।
कई टीमों ने मिलकर किया खुलासा
कार्रवाई में गोठड़ा थाना पुलिस के अलावा उदयपुरवाटी थाना, नवलगढ़ थाना, साइबर सेल झुंझुनूं और डीएसटी झुंझुनूं की टीमों ने सहयोग किया। पुलिस के अनुसार उप निरीक्षक राकेश कुमार और हेड कांस्टेबल रोहीताश की इस कार्रवाई में विशेष भूमिका रही।
Leave a comment