जयपुर। राजस्थान में पंचायत चुनाव की घोषणा से पहले राज्य सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। कार्मिक विभाग की ओर से जारी आदेश में 15 आरएएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं, जबकि 10 अधिकारियों को एपीओ किया गया है। तबादला सूची में एक एडीएम और छह एसडीएम स्तर के अधिकारी भी शामिल हैं।
फेरबदल के तहत दो प्रमुख विश्वविद्यालयों के रजिस्ट्रार भी बदले गए हैं। गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय, बांसवाड़ा और जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय, जोधपुर में नए रजिस्ट्रार की नियुक्ति की गई है। सभी अधिकारियों को नए पद पर तत्काल प्रभाव से कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश की पालना नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
तबादला सूची के अनुसार नरेंद्र पाल सिंह को एडीएम जैसलमेर बनाया गया है। अनिल कुमार पूनिया को गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय, बांसवाड़ा का रजिस्ट्रार और अवी गर्ग को जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय, जोधपुर का रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया है।
सुरेश चौधरी को जयपुर विकास प्राधिकरण में उपायुक्त, सुरेंद्र प्रसाद को एसडीएम नारायणपुर और सुनील शर्मा को सहायता विभाग, जयपुर में उपसचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा दिनेश शर्मा को एसडीएम शाहाबाद, रवि कुमार को सहायक निदेशक प्रशासनिक सुधार विभाग, कपिल कुमार को उपनिदेशक महिला एवं बाल विकास, राजसमंद, राजेश मीणा को एसडीएम मंडावर और ऋतुराज शर्मा को एसडीएम किशनगंज, बारां लगाया गया है।
बनवारी लाल बैरवा को एसडीएम फूलिया कलां, धारा सिंह को सामान्य प्रशासन विभाग में प्रोटोकॉल अधिकारी और श्याम सुंदर बेनीवाल को एसडीएम हनुमानगढ़ के पद पर नियुक्त किया गया है।
10 अधिकारी एपीओ
सरकार ने 10 आरएएस अधिकारियों को एपीओ भी किया है। इनमें अजय कुमार शर्मा, परसाराम, हनुमान सिंह राठौड़, लक्ष्मीकांत कटारा, भंवरलाल जनागल, मांगीलाल, सुनील कुमार जिंगोनिया, प्रियंका बडगूजर, अरुण कुमार जैन और हेमंत कुमार घनघोर शामिल हैं।
पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच हुए इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद अब नए पदस्थापित अधिकारियों को तत्काल कार्यभार संभालना होगा
Leave a comment