जयपुर। राजकीय रामचंद्र खेतान पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में एचवीआरडीसी ने सेंटर फॉर एडवांस्ड इलेक्ट्रिक मोबिलिटी सिस्टम्स का प्रदर्शन राजस्थान सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के सामने किया। कार्यक्रम का उद्घाटन उद्योग एवं वाणिज्य तथा सीएसआर आयुक्त नीलाभ सक्सेना ने किया।
कार्यक्रम में एचवीआरडीसी की पेटेंटेड पोर्टेबल ईवी चार्जिंग तकनीक का अनावरण किया गया। कंपनी के अनुसार इस तकनीक में चार्जिंग यूनिट को वाहन तक ले जाया जा सकता है। इससे वाहन को हर बार किसी निर्धारित चार्जिंग स्टेशन तक ले जाने की आवश्यकता कम हो सकती है।
सेंटर में विद्यार्थियों के लिए हैंड्स-ऑन ईवी लैब तैयार की गई है। यहां बैटरी सेल, चार्जर, मोटर कंट्रोलर, थ्रॉटल और हब मोटर के जरिए इलेक्ट्रिक वाहन में ऊर्जा के प्रवाह को प्रैक्टिकल तरीके से समझाया जा रहा है। आईओटी यूनिट के माध्यम से वाहन का लाइव डेटा इंटरनेट पर भेजने की तकनीक भी प्रदर्शित की गई।
एचवीआरडीसी ने इलेक्ट्रिक वाहन तकनीक से जुड़े विभिन्न व्यावहारिक मॉडल भी अधिकारियों के सामने रखे। कंपनी के मुताबिक सेंटर का उद्देश्य विद्यार्थियों को ई-मोबिलिटी की तकनीक का वास्तविक हार्डवेयर के माध्यम से प्रशिक्षण देना है।
कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा विभाग की उप सचिव सुरज्ञानी शर्मा, सेंटर फॉर इलेक्ट्रॉनिक गवर्नेंस के निदेशक डॉ. अविनाश पंवार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Leave a comment