जयपुर। रितु बराला मारपीट मामले में जीरो एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के बाहर चल रहा कांग्रेस नेताओं का धरना करीब 42 घंटे बाद खत्म हो गया। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा समेत पार्टी नेताओं ने पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल से मुलाकात कर मामले में कार्रवाई की मांग रखी।
बैठक के बाद पुलिस कमिश्नर की ओर से कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को लिखित जवाब सौंपा गया। पुलिस का कहना है कि रितु बराला की ओर से संबंधित मामले में 13 अक्टूबर को ही एफआईआर दर्ज की जा चुकी है और उसकी जांच जारी है। ऐसे में उसी शिकायत के आधार पर दोबारा जीरो एफआईआर दर्ज करना कानूनी रूप से उचित नहीं माना गया।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद मामले में जीरो एफआईआर दर्ज कराने की उनकी मांग पर पुलिस ने स्पष्ट कार्रवाई नहीं की। इसी को लेकर कांग्रेस ने कमिश्नरेट के बाहर धरना शुरू किया था।
धरने के दौरान बुधवार सुबह डोटासरा समेत कांग्रेस नेताओं ने पुलिस अधिकारियों से बातचीत की। इसके बाद कमिश्नर की ओर से लिखित जवाब मिलने पर धरना समाप्त कर दिया गया। हालांकि कांग्रेस ने साफ किया कि यदि मामले की जांच में पुलिस अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अब वे पूरे मामले को लेकर कोर्ट का रुख करेंगे। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि पहले से दर्ज एफआईआर की जांच नियमानुसार आगे बढ़ाई जा रही है।
Leave a comment