जयपुर। जयपुर के सोडाला से गुर्जर की थड़ी के बीच न्यू सांगानेर रोड पर अतिक्रमण हटाने के मामले में हाईकोर्ट में मंगलवार को सुनवाई टल गई। अब मामले की सुनवाई दो सप्ताह बाद होगी। वहीं जेडीए ने कोर्ट में जवाब पेश करते हुए बताया कि सड़क के करीब 2.4 किलोमीटर हिस्से में से 700 मीटर क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया जा चुका है।
जेडीए के अनुसार सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण की पहचान के बाद जयपुर विकास प्राधिकरण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। शेष करीब 1.7 किलोमीटर हिस्से में कार्रवाई के लिए जेडीए ने चार सप्ताह का समय मांगा है।
210 नोटिस, 124 आपत्तियां मिलीं
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से पहले जेडीए ने कुल 210 नोटिस जारी किए थे। इन नोटिस के जवाब में 124 आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। जेडीए के क्षेत्राधिकार से जुड़ी आपत्तियों की संबंधित जोन अधिकारियों द्वारा सुनवाई की जा रही है और प्रत्येक आपत्ति की जांच की जा रही है।
9 कॉलोनियां नगर निगम से जुड़ी
रिकॉर्ड की जांच के बाद जेडीए ने बताया कि सड़क के 100 फीट हिस्से में आने वाली 9 प्रमुख कॉलोनियां जयपुर नगर निगम के सिविल लाइंस जोन क्षेत्राधिकार में आती हैं। जेडीए के अनुसार इन कॉलोनियों का क्षेत्र पूर्व में नगर निगम को हस्तांतरित या उसके द्वारा स्वीकृत किया गया था।
इस मामले में पीड़ित दुकानदारों और स्थानीय निवासियों ने हाईकोर्ट में याचिका लगाकर पक्षकार बनने का अनुरोध किया था। कोर्ट ने पिछली सुनवाई में जेडीए से जवाब मांगा था। मंगलवार की सुनवाई में समय मांगे जाने के बाद अब अगली सुनवाई दो सप्ताह बाद होगी।
Leave a comment