जयपुर। जयपुर के २२ गोदाम स्थित एलिवेटेड रोड पर मंगलवार सुबह तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने उसे इलाज के लिए इसी रूट से गुजर रही एंबुलेंस की मदद से एसएमएस अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान पूजा शर्मा (३८) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार पूजा शर्मा स्कूटी से श्याम नगर स्थित अपने घर से ब्रह्मपुरी स्थित पीहर जा रही थीं। इसी दौरान २२ गोदाम एलिवेटेड रोड पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी सड़क किनारे लगे पोल से टकरा गई और महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद चालक फरार
टक्कर के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस ने वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
बताया गया है कि पूजा शर्मा के परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। हादसे की सूचना के बाद परिवार में मातम छा गया।
Leave a comment