जयपुर। टोंक रोड स्थित राडो के द वॉच फैक्ट्री शोरूम से करीब 5 करोड़ रुपये की 251 लग्जरी घड़ियां चोरी होने के मामले में पुलिस को बदमाशों के भागने के रास्ते का अहम सुराग मिला है। जांच में सामने आया है कि चार आरोपी सिंधी कैंप से हरियाणा रोडवेज की बस में बैठकर फरार हुए। वहीं, कुछ अन्य आरोपियों के ट्रेन से भागने की आशंका है।
पुलिस ने सिंधी कैंप और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो एक आरोपी लंगड़ाता हुआ नजर आया। उसके दो साथी उसे कंधे का सहारा देकर ले जाते दिखाई दिए। पुलिस को शक है कि वारदात के दौरान भागते समय आरोपी के पैर में चोट लगी होगी।
1100 से ज्यादा कैमरों की फुटेज खंगाली
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए करीब 120 पुलिसकर्मियों को लगाया है। इनमें 30 जवान सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं। अब तक 1100 से ज्यादा कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा चुकी है, जबकि 10 से ज्यादा पुलिसकर्मी तकनीकी साक्ष्यों की जांच में जुटे हैं।
पुलिस अब आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जांच में अब तक 6 बदमाशों की पहचान होने की बात सामने आई है।
नेपाल तक पहुंची पुलिस की जांच
जांच में पुलिस को आशंका है कि चोरी की महंगी घड़ियों को नेपाल में खपाने की कोशिश की जा सकती है। इसी को देखते हुए पुलिस की टीमें नेपाल, दिल्ली और गाजियाबाद में आरोपियों और चोरी के माल की तलाश कर रही हैं। एक टीम को नेपाल भी भेजा गया है।
36 मिनट में शोरूम साफ
वारदात गुरुवार तड़के टोंक रोड स्थित राडो के द वॉच फैक्ट्री शोरूम में हुई थी। करीब 13 बदमाशों ने शटर तोड़कर शोरूम में प्रवेश किया और महज 36 मिनट में 251 घड़ियां लेकर फरार हो गए। चोरी की गई घड़ियों की अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और आरोपियों के मूवमेंट के आधार पर पूरे गिरोह तक पहुंचने और चोरी की घड़ियां बरामद करने में जुटी है।
Leave a comment