जयपुर के न्यू सांगानेर रोड पर सड़क सीमा में आ रहे अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की कार्रवाई शुरू हो गई है। जेडीए का प्रवर्तन दस्ता मौके पर पहुंचकर चिह्नित निर्माणों को हटाने की कार्रवाई कर रहा है।
कार्रवाई शुरू होने से पहले कई स्थानीय व्यापारियों ने अपने स्तर पर दुकानें खाली करना और पुराने निर्माण हटाना शुरू कर दिया। व्यापारियों ने त्योहार के समय कार्रवाई होने से कारोबार प्रभावित होने की चिंता जताई है।
6 अक्टूबर को कोर्ट में पेश होगी पालना रिपोर्ट
कोर्ट के आदेश के बाद जेडीए ने कार्रवाई तेज की है। प्राधिकरण को 6 अक्टूबर को कोर्ट में कार्रवाई की पालना रिपोर्ट पेश करनी है। इसके चलते तय समय सीमा से पहले चिह्नित अवैध निर्माण हटाने की प्रक्रिया तेज की गई है।
जानकारी के अनुसार करीब 3 किलोमीटर से अधिक लंबी सड़क सीमा में लगभग 260 निर्माण कार्रवाई के दायरे में बताए जा रहे हैं। इन निर्माणों को लेकर जेडीए की ओर से नोटिस भी दिए जा चुके हैं।
100 फीट सड़क को लेकर कार्रवाई
बताया जा रहा है कि न्यू सांगानेर रोड की निर्धारित चौड़ाई 100 फीट है, जबकि कई हिस्सों में सड़क की चौड़ाई 60 फीट और 40 फीट तक रह गई है। कोर्ट के आदेश के बाद सड़क को निर्धारित 100 फीट चौड़ाई में लाने की तैयारी की जा रही है।
वहीं, सिविल लाइन्स विधायक गोपाल शर्मा ने जेडीए की कार्रवाई और मार्किंग को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि अधिकारियों की ओर से गलत तरीके से मार्किंग की गई है और उन्होंने जनता की आपत्तियां मुख्यमंत्री व यूडीएच मंत्री तक पहुंचाई हैं। विधायक ने आरोप लगाया कि पहले अवैध निर्माण होने दिए जाते हैं और बाद में उन्हें तोड़ने की कार्रवाई की जाती है।
Leave a comment