कोटा नगर निगम में एसीबी की ट्रैप कार्रवाई, ₹10 हजार रिश्वत लेते संविदाकर्मी गिरफ्तार; दूसरा आरोपी फरार
कोटा। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने सोमवार को नगर निगम कोटा में ट्रैप कार्रवाई करते हुए संविदाकर्मी अखिलेश मीणा को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। वहीं, कार्रवाई की भनक लगते ही दूसरा संविदाकर्मी नरेश वर्मा मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
एसीबी के अनुसार, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण के लिए मिली 50 हजार रुपये की पहली किश्त के बाद आगामी किश्तों को स्वीकृत कराने के लिए दोनों संविदाकर्मियों पर रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायत के सत्यापन में अखिलेश मीणा द्वारा 10 हजार और नरेश वर्मा द्वारा 5 हजार रुपये रिश्वत मांगना सामने आया था।
इसके बाद एसीबी कोटा टीम ने कार्रवाई करते हुए नगर निगम के बाहर परिवादी से 10 हजार रुपये लेते हुए अखिलेश मीणा को गिरफ्तार कर लिया। फरार आरोपी नरेश वर्मा की तलाश जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
Leave a comment