जयपुर। जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जर्मनी से दिल्ली जा रही एक फ्लाइट से कथित तौर पर हाईजैक सिग्नल मिलने की सूचना सामने आई। सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया और विमान की जयपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
रिपोर्ट के मुताबिक विमान के जयपुर पहुंचने के बाद करीब पांच घंटे तक सुरक्षा जांच और पूछताछ का दौर चला। एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियों के साथ पुलिस और अन्य संबंधित टीमें भी सक्रिय रहीं।
पायलट ने सिग्नल भेजने से किया इनकार
पूरे मामले में सबसे अहम बात यह सामने आई कि विमान के पायलट ने कथित हाईजैक सिग्नल भेजने से इनकार किया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने विमान और उससे जुड़े संचार सिस्टम की जांच शुरू की।
फ्लाइट की लैंडिंग के बाद यात्रियों और क्रू से भी पूछताछ की गई। विमान को सुरक्षित तरीके से जांच के दायरे में रखा गया।
साइबर अटैक की आशंका, जांच जारी
मामले में अब साइबर अटैक की आशंका भी जताई जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर हाईजैक अलर्ट किस तरह सक्रिय हुआ और इसका स्रोत क्या था।
घटना के बाद जयपुर एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अतिरिक्त सतर्कता बरती गई। फिलहाल जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगा कि यह तकनीकी गड़बड़ी थी, साइबर हमला था या किसी अन्य कारण से अलर्ट जारी हुआ।
Leave a comment