जयपुर। जिला परिषद जयपुर के वार्ड नंबर 10 में कांग्रेस के संभावित प्रत्याशी को लेकर पार्टी के भीतर चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि कांग्रेस इस वार्ड से ब्रजेश उर्फ जीतू जितरवाल को मैदान में उतारने पर विचार कर रही है। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक प्रत्याशी के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
संभावित टिकट को लेकर कांग्रेस के स्थानीय कार्यकर्ताओं के बीच असंतोष की चर्चाएं सामने आ रही हैं। कुछ कार्यकर्ताओं का कहना है कि जितू जितरवाल का पूर्व में आरएलपी और भाजपा से राजनीतिक जुड़ाव रहा है। ऐसे में यदि उन्हें कांग्रेस का टिकट मिलता है तो लंबे समय से संगठन के लिए काम कर रहे जमीनी कार्यकर्ताओं की दावेदारी को लेकर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है।
कई स्थानीय दावेदार भी दौड़ में
वार्ड 10 से कांग्रेस के टिकट के लिए कई स्थानीय कार्यकर्ताओं के नाम भी चर्चा में हैं। इनमें यूथ कांग्रेस के नवनिर्वाचित महासचिव चेतन यादव, राजस्थान विश्वविद्यालय के पूर्व शोध छात्र संघ अध्यक्ष रामस्वरूप ओला, जवानाराम ताखर और राजेंद्र लाखराण सहित अन्य कार्यकर्ताओं के नाम बताए जा रहे हैं।
स्थानीय कार्यकर्ताओं की नजर अब कांग्रेस के अंतिम फैसले पर है। टिकट वितरण में संगठन के प्रति सक्रियता, लंबे समय से पार्टी से जुड़े होने और क्षेत्र में जनसंपर्क जैसे समीकरण महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
फिलहाल वार्ड 10 में सबसे बड़ा सवाल यही है कि कांग्रेस पुराने जमीनी कार्यकर्ताओं पर भरोसा जताएगी या नए राजनीतिक समीकरण के साथ किसी दूसरे चेहरे को मौका देगी।
Leave a comment